पाकुड़-बिक्रमपुर-माहरो सड़क पर भीषण हादसा, हाईवा की टक्कर से टोटो के उड़े परखच्चे
टोटो चालक गंभीर रूप से घायल, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा हाईवा; निर्माणाधीन सड़क पर भारी वाहनों की रफ्तार बनी खतरा

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ : पाकुड़-बिक्रमपुर-माहरो नवनिर्मित सड़क पर शनिवार को तेज रफ्तार हाईवा ने एक टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गये और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, टक्कर के बाद हाईवा भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल टोटो चालक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

निर्माणाधीन सड़क पर बेलगाम भारी वाहन, हादसे का खतरा
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही तेज रफ्तार से हो रही है। निर्माणाधीन सड़क पर वाहनों की अनियंत्रित गति राहगीरों और छोटे वाहन चालकों के लिए खतरा बनती जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
![]()





