बरहरवा में गैस सिलेंडर में आग, 50 हजार नकद समेत गृहस्थी जलकर राख
चूल्हा जलाते ही भड़की आग, गृहस्वामी की पत्नी झुलसी; ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

गैस सिलेंडर में आग लगने से घर में मची तबाही, 50 हजार नकद समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
बरहरवा। बरहरवा थाना क्षेत्र के आहुतग्राम पंचायत अंतर्गत बागतीपाड़ा गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर में आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी तबाह हो गई। खाना बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाते ही सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा अनाज, बिस्तर, बर्तन समेत तमाम घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में करीब 45 से 50 हजार रुपये नकद भी जल गये। वहीं, आग की चपेट में आने से गृहस्वामी जमीरुल शेख की पत्नी सोबिरोन बीबी (50) झुलसकर घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
चूल्हा जलाते ही सिलेंडर से उठने लगीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, बुधवार को सोबिरोन बीबी घर में भोजन बनाने की तैयारी कर रही थीं। जैसे ही उन्होंने गैस चूल्हा जलाया, अचानक सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान सोबिरोन बीबी के हाथ-पैर झुलस गए। अचानक हुए हादसे से परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, मशक्कत के बाद बुझी आग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक घर में रखा चावल, गेहूं, बिस्तर, बर्तन और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था।
नकदी समेत पूरी गृहस्थी तबाह, परिवार पर आर्थिक संकट
परिजनों के अनुसार, घर में रखे करीब 45 से 50 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। अनाज, घरेलू सामान और नकदी के जल जाने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अग्निकांड के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
निजी अस्पताल में चल रहा घायल महिला का इलाज
आग में झुलसी सोबिरोन बीबी को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकीय देखरेख में उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस हादसे में परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी और गृहस्थी को भारी नुकसान पहुंचा है।
![]()





