स्थानीय समाचार
Trending

कैटरर्स मुन्ना साह हत्याकांड में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, सरकारी हथियार की भूमिका भी जांच के घेरे में

दीपावली की रात मां काली के दर्शन करने निकले मुन्ना साह को मारी गई थी गोली, भागलपुर में इलाज के दौरान हुई मौत; डेढ़-दो महीने पुराने विवाद में हत्या की आशंका

Views: 6
0 0
Read Time:8 Minute, 22 Second

रिपोर्ट:सोनू कुमार,

दीपावली की रात मां काली के दर्शन करने निकले कैटरर्स की गोली मारकर की गयी थी हत्या, भागलपुर में इलाज के दौरान तोड़ा था दम

डेढ़-दो महीने पहले रेलवे स्टेशन पर शराब पिलाने को लेकर हुआ था विवाद, पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

सरकारी हथियार की भूमिका से लेकर दोनों जवानों की छुट्टी तक की होगी जांच, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

साहिबगंज : कैटरर्स मुन्ना साह हत्याकांड ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। दीपावली की रात हुई इस सनसनीखेज हत्या में पुलिस ने जिन दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, वे कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि पुलिस विभाग के ही कर्मी हैं। इनमें मुख्य आरोपित अमित साह उर्फ पवन बोकारो में एसडीओ के अंगरक्षक के रूप में तैनात है, जबकि दूसरा आरोपित रूपक कुमार पासवान देवघर में हवलदार के पद पर कार्यरत है। दोनों साहिबगंज के रहने वाले हैं। पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी से हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश क्या थी और घटना में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया।

घटना दीपावली की देर रात जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक के समीप हुई थी। रात करीब एक से दो बजे के बीच मां काली के दर्शन करने निकले कैटरर्स मुन्ना साह (45) को गोली मार दी गयी थी। गोली सीधे उनके सिर में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

मां काली के दर्शन करने निकले थे, रास्ते में गोलियों का बनाया निशाना

परिजनों के अनुसार, मुन्ना साह दीपावली की रात मां काली के दर्शन करने घर से निकले थे। इसी दौरान पूर्वी फाटक के समीप उन पर हमला कर दिया गया। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. रेहान ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें भागलपुर ले गये, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू की और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रातभर छापेमारी अभियान चलाया।

पुलिस की वर्दी में तैनात थे दोनों, अब हत्या के आरोप में पहुंचे गिरफ्त में

हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपित अमित साह उर्फ पवन बोकारो में एसडीओ का अंगरक्षक है। वहीं, दूसरा आरोपित रूपक कुमार पासवान देवघर में हवलदार के पद पर तैनात है। दोनों पुलिस विभाग में कार्यरत होने के साथ साहिबगंज के निवासी भी हैं। दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी ने विभागीय अनुशासन और उनकी गतिविधियों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिये हैं।

मुख्यालय डीएसपी रविकांत साह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद की बात सामने आयी है। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

कैटरर्स मुन्ना साह हत्याकांड में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, सरकारी हथियार की भूमिका भी जांच के घेरे में

छुट्टी लेकर आये थे या ड्यूटी से थे गायब? सर्विस रिवॉल्वर भी जांच के घेरे में

दोनों पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के बाद अब उनके विभागीय रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों जवान विधिवत छुट्टी लेकर साहिबगंज पहुंचे थे या ड्यूटी के दौरान ही यहां आये थे। उनके अवकाश और उपस्थिति से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।

सबसे बड़ा सवाल सरकारी हथियार को लेकर है। क्या दोनों जवानों को सर्विस रिवॉल्वर लेकर अपने गृह जिले आने की अनुमति थी? क्या घटना में सरकारी हथियार का इस्तेमाल हुआ? हथियार किसके पास था और उसे लेकर विभागीय नियमों का पालन किया गया था या नहीं? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इन सवालों का जवाब सामने आयेगा।

रेलवे स्टेशन पर शराब पिलाने को लेकर भिड़े थे मुन्ना और पवन

परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ से दो महीने पहले रेलवे स्टेशन पर शराब पिलाने की मांग को लेकर मुन्ना साह और मुख्य आरोपित पवन के बीच विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया और मुन्ना की जान चली गयी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी पुराने विवाद की बात सामने आयी है। अब पुलिस इस विवाद और हत्याकांड के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है।

चार बच्चों और बीमार मां के सामने रोजी-रोटी का संकट, पत्नी ने मांगा इंसाफ

मुन्ना साह की हत्या ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। पत्नी रूबी देवी, चार बच्चों और बीमार बुजुर्ग मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मुन्ना ही एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों की परवरिश और रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

पति की हत्या से सदमे में आयी रूबी देवी ने आरोपितों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘जैसे मेरे पति की हत्या हुई है, वैसे ही हत्यारों को मौत की सजा मिलनी चाहिए। प्रशासन ईमानदारी से जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाये।

रूबी देवी ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पति की मौत के बाद अब परिवार को न्याय और सहारे की उम्मीद प्रशासन से ही है।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button