रेलवे के सिग्नल सिस्टम को निशाना बना कॉपर केबल चोरी, आरपीएफ ने दो आरोपितों को दबोचा
24 हजार रुपये का कॉपर अर्थ केबल 3500 रुपये में फरक्का के कबाड़ी को बेचा, ट्रैक में खराबी आने पर खुला चोरी का राज; तीसरा आरोपी फरार

रिपोर्ट केशव तिवारी,
पाकुड़ ब्योरो संवाददाता ।: रेलवे के सिग्नल सिस्टम को निशाना बनाकर कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का आरपीएफ ने पर्दाफाश किया है। चोरों ने रेलवे के सिग्नल विभाग का करीब 24 हजार रुपये मूल्य का कॉपर अर्थ केबल काटकर महज 3500 रुपये में बेच दिया। मामले में आरपीएफ ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका तीसरा साथी फरार है। चोरी की इस घटना से रेलवे के सिग्नल सिस्टम की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हुए हैं।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर निवासी समीम अख्तर और चाचकी निवासी रोनी शेख के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होने और केबल फरक्का के एक कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की है। आरपीएफ फरार आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी की तलाश में जुटी है।
सिग्नल में खराबी से खुला चोरी का राज
रेलवे कर्मी रणधीर पासवान ने 8 नवंबर को वेस्ट हट के पास यार्ड लाइन में एमएसडीएसी ट्रैक नंबर 82एएक्स और 187एएक्स में खराबी की सूचना दी थी। जांच के दौरान सिग्नल विभाग का कॉपर केबल गायब मिला। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ में शिकायत दर्ज कर केस संख्या 13/2026 के तहत जांच शुरू की गयी।

रेलवे ट्रैक पर तीन संदिग्ध दिखे, दो दबोचे गये
मामले की जांच के लिए आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ के एसआइ सच्चिदानंद कुमार और एएसआइ सुनील कुमार ने आइपीएफ संजय कुमार सिंह की देखरेख में छापेमारी शुरू की। घटनास्थल के आसपास निगरानी बढ़ायी गयी। इसी क्रम में रेलवे ट्रैक पर ओएचई किलोमीटर संख्या 153/05 से 153/07 के बीच तीन संदिग्ध घूमते दिखाई दिये। आरपीएफ टीम ने घेराबंदी की तो तीनों भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दो को पकड़ लिया, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
तीनों ने मिलकर काटे तार, 3500 रुपये आपस में बांटे
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 8 नवंबर की सुबह वे अपने साथी पृथ्वीनगर निवासी आमिर शेख के साथ रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे थे। वहां कॉपर के सिग्नल वायर देखकर तीनों ने चोरी की योजना बनायी। इसके बाद ट्रैक किनारे लगे डीपी बॉक्स से तांबे के तार काट लिये। चोरी के केबल को पश्चिम बंगाल के फरक्का में एक कबाड़ी को महज 3500 रुपये में बेच दिया। बिक्री से मिली रकम तीनों ने आपस में बराबर बांट ली।
आरपीएफ के अनुसार, आरोपितों ने आर्थिक तंगी और नशीले पदार्थों के सेवन के कारण चोरी की योजना बनायी थी। फिलहाल फरार आरोपी आमिर शेख और चोरी का केबल खरीदने वाले कबाड़ी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
![]()




