साड़म बाजार में धूमधाम से मनी काली पूजा, महाभोग के रूप में खिचड़ी का हुआ वितरण

रिपोर्ट:अजीत नारायण प्रसाद,
गोमिया। गोमिया प्रखंड के साड़म पश्चिमी पंचायत अंतर्गत श्री श्री दुर्गा मंदिर, साड़म बाजार में काली पूजा धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। दीपोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को सैकड़ों दीपों से सजाया गया। वहीं, आकर्षक इलेक्ट्रॉनिक लाइटों से पूरा मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठा। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

महाभोग के रूप में खिचड़ी का वितरण
मंगलवार को मंदिर परिसर में सार्वजनिक रूप से महाभोग स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया। इसमें आसपास के गांवों और पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और श्रद्धापूर्वक महाभोग ग्रहण किया। इस अवसर पर पूजा में शामिल आचार्यों को ब्राह्मण भोज कराया गया। इसके बाद सभी यजमानों ने आचार्यों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

गाजे-बाजे के साथ हुआ प्रतिमा विसर्जन
पूजा-अर्चना और महाभोग वितरण के बाद भव्य तरीके से गाजे-बाजे के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन दामोदर नदी तट पर किया गया। इस दौरान समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल बना रहा।
![]()





