हिरणपुर पुस्तकालय का होगा कायाकल्प, डीएमएफटी से बनेगा चाइल्ड पार्क
डीएमएफटी की टीम ने किया स्थल निरीक्षण, जीर्णोद्धार और पार्क निर्माण के लिए जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता।हिरणपुर : वर्षों से बदहाली की मार झेल रहे हिरणपुर के पुस्तकालय के कायाकल्प का रास्ता साफ होता दिख रहा है. जर्जर पुस्तकालय को संवारने के साथ परिसर में चाइल्ड पार्क निर्माण की भी तैयारी शुरू हो गयी है. बुधवार को डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) की जिला स्तरीय टीम ने पुस्तकालय परिसर का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद दोनों योजनाओं को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी गयी. प्रशासनिक पहल से लंबे समय से उपेक्षित पुस्तकालय के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है.
युवाओं की आवाज पहुंची प्रशासन तक, अब बदलेगी तस्वीर
हिरणपुर में पुस्तकालय की बदहाल स्थिति लंबे समय से स्थानीय युवाओं के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी. जर्जर भवन के कारण विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन के बेहतर माहौल से वंचित होना पड़ रहा था. वहीं, बच्चों के लिए खेलकूद और मनोरंजन का कोई बेहतर स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी उठ रही थी. स्थानीय युवाओं की लगातार पहल और मांग के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू होने से क्षेत्र में उम्मीद की नयी किरण जगी है.

पुस्तकालय के संवरने से विद्यार्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
पुस्तकालय के जीर्णोद्धार से हिरणपुर के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा. पुस्तकालय के व्यवस्थित होने से युवाओं को पढ़ाई के लिए एक उपयोगी केंद्र मिलेगा. इससे न केवल विद्यार्थियों को सहूलियत होगी, बल्कि क्षेत्र में शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
बच्चों को मिलेगा खेलकूद का बेहतर ठिकाना
पुस्तकालय परिसर में चाइल्ड पार्क निर्माण की योजना भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है. पार्क बनने से बच्चों को खेलकूद और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान मिलेगा. पुस्तकालय और पार्क की योजना एक साथ आगे बढ़ने से परिसर को शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावना है. लंबे समय से उठ रही मांग पर प्रशासनिक पहल शुरू होने से स्थानीय लोगों में उत्साह है.
स्थल निरीक्षण के दौरान लिट्टीपाड़ा के सहायक अभियंता साइमन हेम्ब्रम भी मौजूद थे.
![]()





