
पलामू में ACB की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय का मुंशी रंगेहाथ गिरफ्तार
पलामू:05/11/2026
पलामू। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को होमगार्ड कार्यालय के एक मुंशी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर के रूप में हुई है। वह पलामू जिला स्थित होमगार्ड कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी ड्यूटी के लिए कमान लेने होमगार्ड कार्यालय पहुंचा था। वहां उसने संबंधित अधिकारी से मुलाकात की तो उसे मुंशी से मिलने के लिए कहा गया। इसके बाद शिकायतकर्ता की मुलाकात कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र और तुलसी से हुई। आरोप है कि दोनों ने ड्यूटी कमान देने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की और कहा कि यह साहब का आदेश है। रुपये नहीं देने पर कमान नहीं मिलने की बात भी कही गई।

शिकायतकर्ता ने इस संबंध में दोबारा संबंधित अधिकारी से मुलाकात की। आरोप है कि अधिकारी ने भी चार महीने में मिलने वाली 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि का हवाला देते हुए 10 हजार रुपये देने में परेशानी नहीं होने की बात कही।
रिश्वत देकर काम कराने के इच्छुक नहीं होने के कारण शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू के पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की।
आवेदन में लगाए गए आरोपों का ACB की टीम ने सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान होमगार्ड कार्यालय के मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर द्वारा ड्यूटी कमान देने के एवज में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की बात सत्य पाई गई।
इसके बाद शिकायतकर्ता के आवेदन और सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर ACB थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 04 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधन) 2018 की धारा 7(a) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी मामले में गुरुवार को ACB पलामू की धावादल टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
![]()




