महेशपुर में 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज; नाबालिग आरोपी हिरासत में
jharkhand news

महेशपुर : थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।
स्कूल जाने के दौरान वारदात का आरोप
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता पांचवीं कक्षा की छात्रा है। उसकी मां ने पुलिस को बताया कि बेटी पिछले दो-तीन दिनों से विद्यालय नहीं जा रही थी। वह परेशान भी नजर आ रही थी। मां ने जब उससे परेशानी की वजह पूछी, तो छात्रा ने 29 अक्टूबर 2026 की घटना की जानकारी दी।

शिकायत के मुताबिक, उस दिन सुबह करीब 8:30 बजे छात्रा विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान उसकी कक्षा में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र ने उसे स्कूल के बगल में स्थित एक स्थान पर जबरन ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना को लेकर पीड़िता की मां ने महेशपुर थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विरोध करने पर मौके से भागा आरोपी
मां के आवेदन में बताया गया है कि घटना के वक्त आसपास कक्षा चार और पांच के कुछ अन्य बच्चे भी मौजूद थे। छात्रा के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर मौके से भाग गया। घर लौटने के बाद पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बतायी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने महेशपुर थाना कांड संख्या 183/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर पाकुड़ ले जाया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
![]()




