मां की खोजबीन में सामने आया मामला, बंद कमरे में किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
मां की खोजबीन में सामने आया मामला, बंद कमरे में किशोरी के साथ गलत हरकत करने का आरोप

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
तीनपहाड़। थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। किशोरी की मां के आरोप के अनुसार, गांव का ही 45 वर्षीय व्यक्ति उसे अपने घर ले गया था। बेटी की तलाश में पहुंची मां ने जब खिड़की से अंदर झांका, तो कथित तौर पर आरोपी किशोरी के साथ गलत हरकत करने का प्रयास कर रहा था। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। सूचना पर पहुंची तीनपहाड़ थाना पुलिस ने किशोरी को मुक्त कराया और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।
बेटी की तलाश में मां पहुंची आरोपी के घर,खिड़की से देखा मंजर
किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे से उनकी बेटी घर से लापता थी। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसी दौरान छोटे बेटे ने बताया कि गांव का ही एक व्यक्ति उसकी बहन को अपने घर ले गया है। जानकारी मिलते ही महिला उक्त व्यक्ति के घर पहुंचीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला ने खिड़की को धक्का देकर खोला, तो अंदर किशोरी के साथ कथित रूप से गलत हरकत करने का प्रयास होते देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर जुटे ग्रामीण,पुलिस ने खुलवाया बंद दरवाजा
महिला की आवाज सुनकर गांव के दर्जनों ग्रामीण मौके पर जुट गये। ग्रामीणों ने आरोपी से दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तीनपहाड़ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाकर किशोरी को बाहर निकाला गया। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाना लाया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। आवेदन प्राप्त होते ही विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी।
![]()





