धान अधिप्राप्ति केंद्रों एवं राइस मिल के चयन को लेकर डीसी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न


पलामू:- पलामू उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गयी।बैठक में जिले में धान अधिप्राप्ति केंद्रों एवं राइस मिल के चयन को लेकर प्राप्त प्रस्तावों की समीक्षा की गयी।
इस दौरान बताया गया कि जिले में कुल 97 धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि 06 राइस मिल के चयन हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।उपायुक्त श्री शेखावत ने प्राप्त प्रस्तावों के अवलोकन के उपरांत धान अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने हेतु तीन टीमों का गठन करने का निर्देश दिया। गठित टीमों को सभी प्रस्तावित धान अधिप्राप्ति केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर विभागीय निर्धारित मापदंडों के आलोक में विहित प्रपत्र में निरीक्षण प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
97 धान अधिप्राप्ति केंद्रों एवं 06 राइस मिल के चयन हेतु प्राप्त प्रस्तावों के भौतिक सत्यापन का निर्देश
वहीं,राइस मिल के चयन हेतु प्राप्त प्रस्तावों के आलोक में सभी प्रस्तावित राइस मिल का जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर निरीक्षण प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त श्री शेखावत ने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
![]()




