जेटेट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, होटल और ढाबों में चला सघन जांच अभियान
Jharkhand News

केशव तिवारी की रिपोर्ट,
हिरणपुर संवाददाता। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) में किसी भी तरह की गड़बड़ी और कदाचार की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। रविवार को अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने पुलिस बल के साथ हिरणपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न होटल और ढाबों में सघन जांच अभियान चलाया।
इस दौरान अधिकारियों की टीम मनीष इन होटल और जया ढाबा पहुंची। यहां ठहरे लोगों की पहचान, उनकी गतिविधियों और ठहरने से संबंधित जानकारी की जांच की गई।

होटल रजिस्टर और अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की जांच
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने होटल और ढाबों के रजिस्टर खंगाले। ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। वहीं, परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की भी जांच की गई। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाना है।
सात परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
हिरणपुर प्रखंड में जेटेट परीक्षा के लिए कुल सात केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी है। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
अंचल अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस जांच अभियान में एसआई गौतम कुमार समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। प्रशासन की इस कार्रवाई से परीक्षा के मद्देनजर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों का पता चलता है।
![]()




