छात्रवृत्ति के इंतजार में थम रही पढ़ाई, आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकुड़ पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी
Pakud News

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
पाकुड़ संवाददाता:- सरकारी छात्रवृत्ति के सहारे तकनीकी शिक्षा का सपना संजोये पाकुड़ पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों की उम्मीदें अब इंतजार में अटक गयी हैं। सत्र 2024-25 की ई-कल्याण छात्रवृत्ति राशि अब तक नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के सामने पढ़ाई जारी रखने का संकट खड़ा होने लगा है। कॉलेज फीस, किताबें, कॉपी, आवास और अन्य शैक्षणिक खर्च जुटाना मुश्किल हो गया है। छात्रवृत्ति में देरी का खामियाजा विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी भुगतना पड़ रहा है।

विद्यार्थियों का कहना है कि उनके लिए छात्रवृत्ति कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा जारी रखने का मजबूत सहारा है। सीमित आमदनी वाले परिवार इसी राशि के भरोसे बच्चों की तकनीकी शिक्षा का खर्च उठाते हैं। लेकिन शैक्षणिक सत्र बीतने के बावजूद राशि का भुगतान नहीं होने से परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि कई विद्यार्थियों के सामने फीस जमा करने और पढ़ाई से जुड़े जरूरी संसाधन जुटाने की चुनौती खड़ी हो गयी है।
छात्रवृत्ति नहीं मिली तो कैसे जारी रहेगी पढ़ाई
विद्यार्थियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए पॉलिटेक्निक जैसी तकनीकी शिक्षा का खर्च उठाना पहले से ही आसान नहीं है। ऐसे में सरकारी सहायता समय पर नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गयी है। कुछ अभिभावकों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए संपत्ति बेचने तक की नौबत आने की बात कही जा रही है। विद्यार्थियों को डर है कि भुगतान में और देरी हुई तो इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ेगा।
समाहरणालय पहुंचकर डीसी से लगायी गुहार
लंबे समय से छात्रवृत्ति का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं जिला कल्याण पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की। उनका कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, ऐसे में अब आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

तकनीकी अड़चन दूर कर जल्द भुगतान की मांग
ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों ने सत्र 2024-25 की लंबित ई-कल्याण छात्रवृत्ति राशि अविलंब जारी करने तथा भुगतान में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी बाधाओं को दूर करने की मांग की है। विद्यार्थियों ने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ना है। लेकिन समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से योजना का लाभ ही विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन से संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की है, ताकि आर्थिक अभाव किसी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने। अब देखना यह है कि विद्यार्थियों की इस गुहार पर प्रशासन कितनी तत्परता दिखाता है और उनके खातों में लंबित छात्रवृत्ति की राशि कब तक पहुंचती है।
![]()




