महेशपुर में नाबालिग के लापता होने से मचा हड़कंप, प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने किया बरामद
Jharkhand News

केशव तिवारी की रिपोर्ट,
पाकुड़ संवाददाता।/महेशपुर : थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बरामद कर लिया है। लड़की के पिता ने अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए महेशपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग 25 अक्टूबर को शाम करीब 4:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गयी थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गयी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की। सगे-संबंधियों से संपर्क करने और संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बावजूद जब लड़की का कोई सुराग नहीं मिला, तो पिता ने पुलिस से गुहार लगायी।

पिता ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि परिजन पहले अपने स्तर से लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी कारण थाने में आवेदन देने में विलंब हुआ। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
आवेदन के आधार पर महेशपुर थाना में बीएनएस की धारा 96/137(2) के तहत थाना कांड संख्या 179/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद कर लिया। हालांकि, लड़की के लापता होने की परिस्थितियों और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर जांच की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है।
![]()




