Latehar DMFT Meeting:15 दिन में एकरारनामा नहीं तो टेंडर रद्द
Latehar News

लातेहार, 13 अक्टूबर। लातेहार के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि DMFT मद से स्वीकृत योजनाओं का टेंडर फाइनल होने के बाद यदि संबंधित संवेदक 15 दिनों के भीतर एकरारनामा नहीं करता है, तो उसे दो बार स्पष्टीकरण देने के बाद टेंडर रद्द करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को इस निर्देश का पालन करने को कहा।

समय-सीमा में पूरा करें योजनाएं
उपायुक्त संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि DMFT के तहत स्वीकृत सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और लंबित योजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने का निर्देश भी दिया, ताकि विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
खनन प्रभावित क्षेत्रों में सुविधाओं का विकास प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास करने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी DMFT मेरी मड़की, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
![]()




