बरहेट में फरक्का-ललमटिया रेलखंड पर हादसा, महिला की मौत
बरहेट सब-स्टेशन के पास हुआ हादसा, 46 वर्षीय कौशल्या देवी ने मौके पर तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी
राहुल कुमार साह की रिपोर्ट,
बरहेट (साहिबगंज)। फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेलखंड पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। फरक्का से ललमटिया जा रही खाली ट्रेन की चपेट में आने से बरहेट बाजार के हरे कृष्ण मंदिर रोड निवासी कौशल्या देवी (46), पति भुटका साह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा बरहेट सब-स्टेशन से महज 10 गज की दूरी पर हुआ। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेलखंड पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
खाली ट्रेन की चपेट में आई महिला
मिली जानकारी के अनुसार, कौशल्या देवी फरक्का से ललमटिया की ओर जा रही खाली ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे लोग स्तब्ध रह गए।
हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
महिला किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचीं और दुर्घटना कैसे हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला रेलवे लाइन के पास किन परिस्थितियों में पहुंचीं।
![]()