अंडर-17 कबड्डी में पाकुड़ का दमदार आगाज, बालक-बालिका दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
Pakud News

अंडर-17 कबड्डी में पाकुड़ का दमदार आगाज, बालक-बालिका दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
पाकुड़ संवाददाता। झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची के तत्वावधान में आयोजित अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में पाकुड़ जिले की दोनों टीमों ने शानदार शुरुआत की है। बालक और बालिका वर्ग की टीमों ने लीग चरण के अपने-अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। लगातार दो जीत के बाद खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है, वहीं जिले के खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है।

खूंटी और दुमका को हराकर बालिका टीम अंतिम आठ में
बालिका वर्ग में पाकुड़ ने पहले मुकाबले में खूंटी की टीम को 42-16 से हराकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद दूसरे मैच में दुमका को 31-14 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों में पाकुड़ की खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेज रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया।
दुमका और गुमला को हराकर बालक टीम ने दिखाया दम
बालक वर्ग में भी पाकुड़ की टीम का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। टीम ने पहले मुकाबले में दुमका को 39-28 से मात दी। इसके बाद दूसरे मैच में गुमला को 45-26 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लगातार दो जीत के साथ पाकुड़ की बालक टीम ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

क्वार्टर फाइनल में रांची और चतरा से होगा मुकाबला
क्वार्टर फाइनल में पाकुड़ की बालक टीम का मुकाबला रांची से होगा, जबकि बालिका टीम चतरा के खिलाफ मैदान में उतरेगी। दोनों टीमें अब जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
पाकुड़ की बालक और बालिका दोनों टीमों के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति और जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी। अधिकारियों ने खिलाड़ियों से आगामी मुकाबलों में भी अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।
पाकुड़ की दोनों टीमों के लगातार जीत दर्ज करने से जिले के खेल प्रेमियों में भी उत्साह बढ़ गया है। अब सभी की निगाहें क्वार्टर फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं।
![]()




