
बोरियो:-बोरियो और बरहेट प्रखंड में पेंशन योजना में फर्जीवाड़े के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. मंगलवार को बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर पहुंचकर डुगडुगी बजवायी और न्यायालय का इश्तेहार चस्पा किया. पुलिस की इस कार्रवाई से गांव में चर्चा तेज हो गयी.
कार्रवाई बोरियो थाना कांड संख्या 48/2026 के अप्राथमिकी अभियुक्त अनवारुल अंसारी, पिता मैनुल अंसारी, निवासी तेलो मांझी टोला और रोहित कुमार साह, पिता संजीव कुमार साह, निवासी बड़ा बियासी दुमकी टोला के खिलाफ की गयी.

वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन में फर्जीवाड़े का आरोप
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी बोरियो और बरहेट प्रखंड में वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजना में फर्जीवाड़े के मामले में आरोपी हैं. दोनों लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है.
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
न्यायालय से इश्तेहार मिलने के बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों के घर पहुंची. डुगडुगी बजाकर सार्वजनिक रूप से इश्तेहार की जानकारी दी गयी और घर पर नोटिस चिपकाया गया. इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गयी.
आत्मसमर्पण नहीं किया तो कुर्क होगी संपत्ति
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में दोनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. थाना प्रभारी के अनुसार, इसके बाद न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है.
![]()




