Pakud News
बरहेट पेंशन फर्जीवाड़ा केस: फरार आरोपी शाहरुख खान के घर इश्तेहार, 15 दिन में आत्मसमर्पण

साहेबगंज/बरहेट।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन फर्जीवाड़ा मामले में फरार चल रहे मुख्य बिचौलिया शाहरुख खान के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बरहेट थाना क्षेत्र में रविवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर ढोल-नगाड़े के साथ इश्तेहार चिपकाया और सार्वजनिक रूप से पढ़कर उसे आत्मसमर्पण का अंतिम अवसर दिया।
थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और विधिवत प्रक्रिया के तहत इश्तेहार चस्पा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शाहरुख खान को 15 दिनों के भीतर न्यायालय या थाना में आत्मसमर्पण करना होगा।
आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती
पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में आत्मसमर्पण नहीं करने पर न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई के दौरान एसआई बिट्टू साह, एएसआई बिक्रम कुमार, एएसआई हरिश्चंद्र मंडल, एएसआई प्रमोद गुप्ता, एएसआई राम सोरेन समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस बहुचर्चित पेंशन फर्जीवाड़ा मामले में अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर और बिचौलिये भी शामिल हैं।
अन्य आरोपियों पर जांच जारी
फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
![]()




