संत जेवियर्स स्कूल कोटालपोखर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, शिक्षकों की प्रस्तुति ने मोहा बच्चों का मन
Pakud News

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू
कोटालपोखर। कोटालपोखर स्थित संत जेवियर्स स्कूल में 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में अतिथि मिस मारिया एवं मिसेज लाली के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ. स्टीफन राज, उपप्रधानाचार्य फादर थियोफिल और फादर मिल्की उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की सिस्टर एवं शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना नृत्य (प्रेयर डांस) के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के मनोरंजन और उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के लिए विशेष मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षकों ने मनमोहक नृत्य, गीत, कविता, भाषण और नाटक के माध्यम से बच्चों का खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग भर दिया। इसके अलावा विभिन्न कक्षाओं में खेलकूद एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विद्यार्थियों के बीच मिठाइयां एवं उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ. स्टीफन राज की गायन प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित बच्चों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा, संस्कार और उचित मार्गदर्शन देकर एक जिम्मेदार नागरिक बनाना हम सभी का कर्तव्य है।
इस प्रकार संत जेवियर्स स्कूल में आयोजित बाल दिवस समारोह आनंद, उत्साह और उमंग के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
![]()




