गिरिडीह:दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी
बंदरकुप्पी में देर रात हुई हिंसक घटना, 24 वर्षीय युवक की गई जान

गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय ऋतिक यादव के रूप में हुई है, जो राजेंद्रनगर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि ऋतिक के पिता झारखंड पुलिस में दारोगा हैं और वर्तमान में बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋतिक अपने कुछ दोस्तों के साथ रात में बंदरकुप्पी इलाके में खाने-पीने के लिए गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि 10 से 15 की संख्या में मौजूद युवकों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल ऋतिक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पाल्मा और नावाडीह क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह और सभी आरोपितों की पहचान के लिए जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
![]()




