
लातेहार: गुरुवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में विद्युत परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) एवं पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत चल रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान विद्युत आपूर्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कार्यों में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लक्ष्य से पीछे रहने वाले कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता राजदेव मेहता सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
![]()




