
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की सुजापुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की विधायक एवं पूर्व मंत्री सबीना यास्मीन को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। मामला मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मालदा के कालियाचक क्षेत्र में हुए विरोध प्रदर्शन और न्यायिक अधिकारियों को कथित तौर पर कई घंटों तक घेरकर रखने से जुड़ा है।

अप्रैल में हुआ था विरोध प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2026 में कालियाचक-2 प्रखंड कार्यालय में SIR से संबंधित कार्य में लगे सात न्यायिक अधिकारियों को भीड़ द्वारा कथित रूप से घेर लिया गया था। इस दौरान अधिकारियों के वाहनों पर हमले और सड़क जाम किए जाने की शिकायत भी सामने आई थी। बाद में मामले की जांच NIA को सौंप दी गई।
कई लोगों से हो चुकी है पूछताछ
NIA इस मामले में अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है और कथित घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
24 सितंबर को कालियाचक थाने में पेश होने का निर्देश
NIA की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, सबीना यास्मीन को 24 सितंबर 2026 को कालियाचक थाने में जांच अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
पति से भी हो चुकी है पूछताछ
इससे पहले विधायक सबीना यास्मीन के पति मोहम्मद मेहबूब आलम से भी मामले के संबंध में पूछताछ की जा चुकी है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
NIA की ओर से विधायक को नोटिस जारी किए जाने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है।
![]()




