
पाकुड़ संवाददाता।बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर बड़ा सापादाहा स्थित सरकारी विद्यालय में स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया गया. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत आयोजित जांच में 59 बच्चों की स्क्रीनिंग की गयी. स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध करायीं.
जांच के दौरान बच्चों में संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान के लिए विभिन्न स्तरों पर स्क्रीनिंग की गयी. बच्चों को साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ रहने के जरूरी उपायों की जानकारी भी दी गयी. स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया.

समय पर पहचान से बेहतर इलाज संभव
सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सरदार मल जाट ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है. इसका उद्देश्य बच्चों में बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की समय पर पहचान कर तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है. गंभीर अथवा जरूरतमंद बच्चों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर भी किया जाता है.
स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में लगातार अभियान
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी विद्यालयों में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच की जा रही है, ताकि बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाया जा सके. इससे समय पर उपचार शुरू कर बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद मिलती है.
कार्यक्रम में सीएचओ सरदार मल जाट, एएनएम, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और सहिया दीदी ने सक्रिय सहयोग किया.
![]()



