फरक्का में हथियार और नशीले कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार, पिस्टल व चार कारतूस बरामद
NH-12 पर नाकाचेकिंग के दौरान पुलिस की कार्रवाई, बैग से फेंसिडिल की 199 बोतलें मिलीं:झारखंड से बहरमपुर तक तस्करी की आशंका

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू।
फरक्का।मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का में पुलिस ने अवैध हथियार और नशीले कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। एनटीपीसी मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर चलाये जा रहे नाकाचेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और प्रतिबंधित फेंसिडिल कफ सिरप की 199 बोतलें बरामद की गयीं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकीरुल शेख (35) के रूप में हुई है। वह मुर्शिदाबाद जिले के सागरपाड़ा का निवासी बताया गया है।

कमर में पिस्टल, बैग में नशीले सिरप का जखीरा
पुलिस के मुताबिक, एनटीपीसी मोड़ के पास नाकाचेकिंग के दौरान दो बैग लेकर जा रहे युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक की कमर में छिपाकर रखी गयी पिस्टल बरामद हुई। वहीं, उसके बैग से फेंसिडिल कफ सिरप की 199 बोतलें, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने बरामद सभी सामान जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
झारखंड से बहरमपुर तक तस्करी की आशंका, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
फरक्का थाना के आईसी अमित मुखर्जी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि आरोपी झारखंड से अवैध हथियार और नशीले कफ सिरप लेकर बहरमपुर की ओर जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा। मामले की तह तक पहुंचने, तस्करी के संभावित नेटवर्क का खुलासा करने और आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस न्यायालय से 10 दिनों की रिमांड की मांग करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हथियार और नशीले कफ सिरप की आपूर्ति से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
![]()





