गन्ने के जूस की गाड़ी में चल रही थी चोरी की बाइक! रांगा थाना पुलिस ने किया खुलासा
Pakud News

कोटालपोखर संवाददाता, साहिबगंज।
रांगा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चोरी की गई मोटरसाइकिल के पार्ट्स का इस्तेमाल गन्ने का जूस निकालने वाली गाड़ी (भुटभुटिया) में किया जा रहा था। पुलिस ने इस अनोखे ‘जुगाड़’ का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
घर के सामने से चोरी हुई थी बाइक
केंदुआ गांव निवासी सदानंद कुमार साहा की ग्लैमर बाइक (JH 18 G 9475) उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। सूचना मिलने के बाद रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी।

जूस गाड़ी में मिला बाइक का इंजन
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पुरुलिया के पास छापेमारी की। मौके पर पकड़ी गई गन्ने के जूस की गाड़ी की जांच में पता चला कि उसमें चोरी की बाइक का इंजन, साइलेंसर, सॉकर और हैंडल फिट किया गया था। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मिस्त्री की मदद से तैयार हुआ ‘जुगाड़’
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिंदुपाड़ा के एक मिस्त्री की मदद से बाइक के पार्ट्स को जूस मशीन में लगाया गया था। इसके बाद वह बरहरवा, पतना चौक, केंदुआ, गुमानी, पुरुलिया और बिशनपुर जैसे इलाकों में घूम-घूमकर जूस बेच रहा था।
रैकेट की जांच जारी
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
![]()




