कॉलेज में अतिक्रमण देख भड़के डीसी, छात्रावास की सुस्त रफ्तार पर भी जताई नाराज़गी
पंचायत भवन में नहीं मिले कर्मी, भूसुर की निर्माणाधीन योजनाओं का भी लिया जायजा

लातेहार। गोवा मॉडल डिग्री कॉलेज में अवैध कब्जा, छात्रावास निर्माण में देरी और जालिम खुर्द पंचायत भवन में कर्मियों की गैरमौजूदगी पर बेहद नाराज दिखे । निरीक्षण पर पहुंचे उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोवा मॉडल डिग्री कॉलेज का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने भवन के आसपास की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को देखा। उन्होंने अंचल अधिकारी को नियम के तहत कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री का भी जायजा लिया और काम जल्द पूरा कराने को कहा।
सबसे ज्यादा नाराजगी छात्रावास निर्माण की धीमी गति को लेकर दिखी। लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उपायुक्त ने संबंधित संवेदक और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्धारित मानकों और प्रावधानों का पालन नहीं करने की स्थिति में एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
पंचायत भवन पहुंचे तो नहीं मिला एक भी कर्मी
इसके बाद उपायुक्त जालिम खुर्द पंचायत भवन पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान एक भी कर्मी मौजूद नहीं मिला। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने को कहा। लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने साफ कहा कि सरकारी कार्यालयों और विकास योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने और अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया गया।
भूसुर में योजनाओं की जमीनी हकीकत देखी
निरीक्षण के अगले चरण में उपायुक्त ने भूसुर पंचायत में चल रही बड़ी निर्माण योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम, स्विमिंग पूल, एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग, मल्टीपरपस हॉल, कमर्शियल ट्रेनिंग सेंटर, छात्रावास और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। संबंधित कार्यपालक अभियंताओं और संवेदकों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने तथा निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
भवन प्रमंडल की ओर से प्रस्तावित एक भवन का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने पर भी उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने और आगे किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होने देने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को कहा कि योजनाएं कागज पर नहीं, जमीन पर समय से पूरी दिखनी चाहिए। निर्माण में देरी या गुणवत्ता से समझौता मिलने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, अंचल अधिकारी नंद कुमार समेत संबंधित कार्यपालक अभियंता और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
![]()





