पेड़ से लटकता मिला 18 वर्षीय युवक का शव,परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
Pakud news

पाकुड़/हिरणपुर संवाददाता:
हिरणपुर थाना क्षेत्र के पेनम कोयला रोड स्थित पचोतला गांव के समीप एक 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर टोला निवासी लखीराम हांसदा (18) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीराम हांसदा अपनी बहन मुनि हांसदा के घर मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के छोटा मोहलन गांव आया हुआ था। इसी दौरान पचोतला गांव के समीप ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटकता देखा और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार, लखीराम मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था।
मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन भी सौंपा।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आवश्यक पंचनामा तैयार किया गया। इसके उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की आवश्यक जांच में जुटी हुई है।
![]()



