तालाब में मिला 58 वर्षीय व्यक्ति का शव,नहाने के दौरान डूबने की आशंका
jharkhand news

तीनपहाड़ संवाददाता। थाना क्षेत्र के भोराबांध गांव में तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने तीनपहाड़ थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
मदन सोरेन के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान भोराबांध गांव निवासी मदन सोरेन (58) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मदन सोरेन घर के सामने स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर तीनपहाड़ थाना के एएसआई उमेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू
तीनपहाड़ थाना पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
![]()




