खेलो झारखंड में तालझारी के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,रोशनी और आरिफ ने जीते 100 मीटर के खिताब
jharkhand news

कोटालपोखर संवाददाता। तालझारी प्रखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से बुधवार को खेलो झारखंड प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रखंड संसाधन केंद्र तालझारी के तत्वावधान में संत जोन मिशन मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील टुडु ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
100 मीटर दौड़ में रोशनी और मो. आरिफ रहे सबसे तेज
अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पल्स टू उच्च विद्यालय सकरीगली की रोशनी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। रूचि कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तालझारी की दीपिका बेसरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में रूचि कुमारी ने बाजी मारी। संत जोन मिशन तालझारी की एलिना सोरेन दूसरे और कस्तूरबा विद्यालय तालझारी की रानी बेसरा तीसरे स्थान पर रहीं।

बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पल्स टू उच्च विद्यालय सकरीगली के मो. आरिफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कन्या विद्यालय तालझारी के थोमस टुडु दूसरे तथा संत जोन मिशन तालझारी के जोनाथन हांसदा तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में शिवभ्म कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। मो. आरिफ को दूसरा और संत जोन मिशन तालझारी के अंकित हांसदा को तीसरा स्थान मिला।
विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी से किया सम्मानित
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। बीपीओ सुनील टुडु ने बताया कि प्रखंड स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी आगे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में तालझारी प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दो दिनों तक चलेंगी विभिन्न खेल स्पर्धाएं
दो दिवसीय खेल आयोजन में अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 400 मीटर, 800 मीटर दौड़ के अलावा खो-खो और कबड्डी जैसी स्पर्धाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और विद्यालयों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील टुडु के अलावा शिक्षक अंथोनी टुडु, लखीराम मरांडी, हाबिल मरांडी, जैदुर रहमान, शिक्षिका लुसी किस्कू, विनीता किस्कू समेत अन्य शिक्षक एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।
![]()





