पाकुड़ में द्वितीय त्रैमासिक पीटीएम का आयोजन, 207 अभिभावकों ने लिया हिस्सा
Pakud news

पाकुड़। जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय राज+2 पाकुड़ में बुधवार को द्वितीय त्रैमासिक अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय के हॉल-1 में आयोजित इस बैठक में कुल 207 अभिभावकों ने भाग लिया, जिनमें 115 पुरुष एवं 92 महिला अभिभावक शामिल रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, गृहकार्य एवं अनुशासन पर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद स्थापित करना रहा।
शिक्षा के साथ घर के माहौल पर जोर
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजू नंदन साहा ने की। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि घर का वातावरण भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल उपयोग और दैनिक गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखें तथा शिक्षकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें।

विद्यालय में मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्णय
बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की गई। यदि किसी छात्र के पास मोबाइल पाया जाता है तो उसे जब्त कर लिया जाएगा और बाद में अभिभावक की उपस्थिति में ही वापस किया जाएगा। इसके साथ ही सभी छात्रों को निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय आने तथा अभिभावकों को गृहकार्य की कॉपियों की नियमित जांच कर हस्ताक्षर करने का निर्देश दिया गया।
100 मीटर परिसर नशामुक्त रखने पर चर्चा
बैठक के दौरान विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे को नशामुक्त क्षेत्र बनाए रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और कमजोरियों पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें तथा नियमित संवाद बनाए रखें।
75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। कम उपस्थिति वाले छात्रों को SA-1 परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। वहीं कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं होने पर उनके नाम सीबीएसई L.O.C. (List of Candidates) में शामिल नहीं किए जाएंगे।
![]()




