साहिबगंज में बाढ़ को लेकर प्रशासन सतर्क,राहत शिविरों में जाने की अपील
जलमग्न घरों से तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का निर्देश,जरूरत पड़ने पर प्रशासन करेगा रेस्क्यू

कोटालपोखर/साहिबगंज (संवाददाता):साहिबगंज जिले में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर राहत एवं आश्रय शिविर स्थापित किए गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत नजदीकी राहत शिविरों में पहुंचें।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन लोगों के घरों में पानी घुस गया है या जहां रहना सुरक्षित नहीं है, वे बिना किसी डर के अपने परिवार सहित राहत शिविरों में चले जाएं। शिविरों में रहने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की आवश्यकता होती है, तो प्रशासन द्वारा रेस्क्यू (Evacuation) की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रभावित लोग जिला नियंत्रण कक्ष या पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। लोगों से अपील की गई है कि वे जलमग्न क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
![]()




