
घाघरा, गुमला। रिपोर्टिंग : प्रेम कुमार साहू। घाघरा थाना क्षेत्र के देवकी पीठवर टोली निवासी करीब 45 वर्षीय विश्वनाथ उरांव की मौत के मामले को लेकर शनिवार को पीठवर टोली गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीण घाघरा थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए संदिग्ध रमेश लोहरा और उसके पुत्र आर्यन लोहरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस ने रमेश लोहरा और उसके पुत्र आर्यन लोहरा को पूछताछ के लिए थाना लाया है। दोनों को शुक्रवार से थाना में रखे जाने की बात ग्रामीणों ने कही। ग्रामीणों का कहना था कि यदि मामले में पुलिस को संदेह है तो जांच पूरी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

मृतक की पत्नी शीला उरांव ने बताया कि विश्वनाथ उरांव ने रमेश लोहरा के घर पर शराब पी थी और मुर्गा खाया था। देर शाम तक वह रमेश लोहरा के घर के आंगन में मौजूद था। इसके बाद सुबह उसका शव रमेश लोहरा के घर से कुछ दूरी पर मिला। इसी आधार पर ग्रामीणों ने दोनों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण करीब एक घंटे तक थाना परिसर में जमे रहे। बाद में थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझाया और मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत होकर अपने घर लौट गए।
थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि रमेश लोहरा और उसके पुत्र आर्यन लोहरा को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विश्वनाथ उरांव की मौत के कारण और परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]()





