
पाकुड़ संवाददाता। हिरणपुर प्रखंड के घाघरजानी मैदान में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर मैदान में दिनभर उत्साह का माहौल रहा।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ प्रतियोगिता का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन बीईईओ सुधा कुमारी, बीपीओ श्याम ठाकुर एवं मनरेगा बीपीओ ट्विंकल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
100 मीटर में चंपा और अजमल अव्वल
100 मीटर बालिका वर्ग में यूपीजी मोहनपुर की छात्रा चंपा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। पीएमश्री केजीबीवी की दुलड़ किस्कू दूसरे और यूपीजी डांगापाड़ा की मंजू मुर्मू तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं 100 मीटर बालक वर्ग में अजमल अंसारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कमल हांसदा दूसरे और सोहराब अंसारी तीसरे स्थान पर रहे।
200 और 400 मीटर में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
200 मीटर बालक वर्ग में बोयला मुर्मू ने प्रथम स्थान हासिल किया। शोएब अंसारी दूसरे और लुखीराम हांसदा तीसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर बालिका वर्ग में रोशनी हेंब्रम ने बाजी मारी। पानो किस्कू दूसरे और जूली मुर्मू तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन दीपक साहा ने किया। मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाएं, आयोजन से जुड़े कर्मी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
![]()





