बरहरवा में कौशिकी अमावस्या की सिद्धि रात्रि संपन्न, तारा रात्रि में उमड़ी आस्था
Pakud news

बरहरवा संवाददाता। नगर पंचायत बरहरवा क्षेत्र के कलीतला स्थित दक्षिणेश्वर बड़ी काली मंदिर में कौशिकी अमावस्या के पावन अवसर पर आयोजित सिद्धि रात्रि की विशेष पूजा गुरुवार देर रात शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
गुरुवार, 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे शुरू हुई विशेष पूजा एवं साधना शुक्रवार भोर तक चली। इस दौरान मंदिर में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां काली की विशेष पूजा, शतचंडी पाठ, हवन, बलि एवं महाआरती का आयोजन किया गया।

मंदिर के पुरोहित तरुण महाराज ने बताया कि कौशिकी अमावस्या की रात को ‘तारा रात्रि’ के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इस रात मंदिर एवं महाश्मशान में की गई साधना से साधकों को विशेष सिद्धि की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पितरों की शांति एवं मोक्ष की कामना को लेकर उपवास रखा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद देर रात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां काली का आशीर्वाद लिया।
![]()




