गंगा का जलस्तर बढ़ने से पूर्वी नारायणपुर पंचायत में बाढ़, 100 से अधिक परिवार प्रभावित
चार नंबर कॉलोनी के 70 और तीन नंबर कॉलोनी के 30 परिवार बाढ़ की चपेट में

कोटालपोखर संवाददाता, साहिबगंज। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी नारायणपुर पंचायत के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ का पानी घरों और रास्तों में घुसने से चार नंबर कॉलोनी के करीब 60 से 70 परिवार तथा तीन नंबर कॉलोनी के लगभग 30 परिवार प्रभावित हो गए हैं। जलभराव के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
चार नंबर कॉलोनी में कई घरों के आसपास पानी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मवेशियों की सुरक्षा और उनके लिए चारे की व्यवस्था भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी घुसने से पहले से रखा गया पशुचारा भी खराब हो गया है। ऐसे में मवेशियों के लिए चारा जुटाना मुश्किल हो गया है। घरों में रखे सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी चिंता सताने लगी है।
जलभराव के कारण पंचायत के कई रास्ते प्रभावित हो गए हैं। रोजमर्रा के कार्यों के लिए बाहर निकलने वाले लोगों को पानी के बीच जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, पशु चारा, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और पर्याप्त नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बावजूद अब तक सरकारी स्तर पर राहत सामग्री प्रभावित इलाकों तक नहीं पहुंची है। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए पंचायत के अन्य निचले क्षेत्रों में भी पानी फैलने की आशंका बनी हुई है। खेतों में पानी जमा होने से किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता भी सताने लगी है।
क्या कहती हैं मुखिया
पूर्वी नारायणपुर पंचायत की मुखिया शिवानी सरकार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और परिवारों का आकलन कर अंचल अधिकारी को लिखित रूप से जानकारी भेज दी गई है। अधिकारियों की ओर से राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला है। राहत सामग्री प्राप्त होते ही प्रभावित परिवारों के बीच पशु चारा सहित आवश्यक राहत सामग्री का वितरण कराया जाएगा।
![]()





