मिर्जाचौकी-रक्सी सड़क पर छरी लदा ट्रक पलटा, जर्जर सड़क पर फिर उठे सवाल
खराब सड़क बनी हादसे की वजह, चालक-खलासी बाल-बाल बचे, ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग

रिपोर्ट: कोटालपोखर संवाददाता,
कोटालपोखर संवाददाता। मिर्जाचौकी-रक्सी स्थान सड़क पर रेलवे साइडिंग के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब छरी लदा एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना का मुख्य कारण सड़क की जर्जर स्थिति बताई जा रही है।
हादसे में ट्रक चालक और खलासी को हल्की चोटें आईं, लेकिन दोनों की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और राहत-बचाव में सहयोग किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मिर्जाचौकी-रक्सी स्थान सड़क पिछले कई वर्षों से खराब स्थिति में है। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। भारी वाहनों के साथ-साथ श्रद्धालुओं और आम राहगीरों के लिए भी यह सड़क खतरनाक बन चुकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले महीने भी इसी सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और स्थायी निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
![]()




