
14 दिनों से 1500 ट्रकों के पहिए थमे, हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट;हिंडाल्को कंपनी और जिला प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग
लोहरदगा। हेसल साइडिंग में पिछले करीब 14 दिनों से जारी गतिरोध के कारण लगभग 1500 बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन ठप है। इससे लोहरदगा, गुमला और लातेहार के बॉक्साइट कारोबार से जुड़े हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट गहरा गया है। ट्रकों का परिचालन जल्द शुरू नहीं होने पर लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। एसोसिएशन ने जरूरत पड़ने पर पावरगंज सड़क को अनिश्चितकाल के लिए जाम करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में 26 अक्टूबर 2026 को बक्सीडीपा स्थित एसोसिएशन कार्यालय में अध्यक्ष कवलजीत सिंह की अध्यक्षता में पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में सदस्यों ने कहा कि हेसल साइडिंग में बार-बार उत्पन्न होने वाले गतिरोध के कारण बॉक्साइट परिवहन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। करीब दो सप्ताह से ट्रकों का परिचालन बंद रहने के कारण ट्रक मालिकों को हजारों रुपये का नुकसान हो चुका है। वहीं, ट्रक चालकों, लोडर-अनलोडर, गैरेज संचालकों, मोटर पार्ट्स कारोबारियों और पेट्रोल पंप संचालकों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कंपनी और प्रशासन से तत्काल पहल की मांग
एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इस समस्या के समाधान के लिए अब तक हिंडाल्को कंपनी और जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 अक्टूबर को जिला प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपकर ट्रकों का परिचालन जल्द से जल्द सुचारू कराने की मांग की जाएगी।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इसमें बॉक्साइट परिवहन व्यवसाय से जुड़े ट्रक मालिकों, चालकों, लोडर-अनलोडर, गैरेज संचालकों, मोटर पार्ट्स विक्रेताओं और पेट्रोल पंप संचालकों को शामिल किया जाएगा। एसोसिएशन ने सभी ट्रक मालिकों से आंदोलन में भाग लेकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।
बार-बार साइडिंग बंद होने से कारोबार प्रभावित
बैठक में सदस्यों ने कहा कि किसी घटना या दुर्घटना के बाद हेसल साइडिंग का परिचालन बंद कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र के बॉक्साइट व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ता है। लोहरदगा, गुमला और लातेहार की अर्थव्यवस्था में इस कारोबार की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में हिंडाल्को कंपनी और जिला प्रशासन को ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे बार-बार गतिरोध की स्थिति उत्पन्न न हो और परिवहन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
नशे में वाहन चलाने और नाबालिग चालकों पर भी चिंता
एसोसिएशन ने सड़क सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए जिला प्रशासन से बाइक और स्कूटी चालकों की विशेष जांच कराने की मांग की। सदस्यों का कहना था कि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले कुछ लोग बड़ी गाड़ियों से टकरा जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। इसके अलावा कम उम्र के बच्चों द्वारा मोटरसाइकिल चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई गई। एसोसिएशन ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की अपील की।

बैठक में ये लोग थे उपस्थित
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष इम्तियाज उर्फ बबलू और शंकर प्रजापति, महेंद्र प्रसाद साहू, बबलू खान, सह सचिव फिरोज राही, महताब आलम, गुड्डू, राजेश विश्वकर्मा, संजीव शर्मा, अनिल साहू, मुख्तार अंसारी, मोहम्मद गुड्डू सहित कार्यकारिणी सदस्य शकील अंसारी, शोएब अख्तर, मोहम्मद बबलू, अनिल उरांव, जीतू सिंह, शंकर उरांव, भुवनेश्वर नायक, पवन सराफ, चंदन यादव, बंटू साहू, जागेश्वर महतो और गजाधर महतो उपस्थित थे।
इसके अलावा सलाहकार समिति के वरिष्ठ सदस्य शंकर राय, मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार, संजय साव, विनोद कुमार, शुकरा भगत, बबलू साहू, बैजनाथ साहू, रोशन लकड़ा, पवन सिंह, कंचन महतो, रोहित उरांव, समीर, नीरज कुमार, रत्नेश कुमार, ताजुद्दीन अंसारी, विकास कुमार यादव, मोहम्मद आदिल, जसबीर, सगीर अंसारी, बालेश्वर महतो, संजय साहू, अरुण सिंह, शैलेंद्र सिंह, कृष्णा महतो और विदुल महतो सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
![]()





