
लातेहार: महुआडांड़ में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को किया जागरूक
लातेहार। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देशानुसार महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, महुआडांड़ में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को विभिन्न सामाजिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा, मद्यनिषेध, बाल मजदूरी, बाल विवाह, डायन प्रथा उन्मूलन, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया।

पुलिस की ओर से लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, कुरीतियों से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों से जागरूक बनकर सुरक्षित, स्वच्छ और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
![]()




