
गिरिडीह/बेंगाबाद संवाददाता:
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्रेम-प्रसंग का अंत बेहद खौफनाक तरीके से हुआ, जहां बिहार के जमुई जिले के 16 वर्षीय किशोर मिथुन कुमार की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव के टुकड़े किए, उसे जलाने की कोशिश की और बाद में घर के पीछे खजूर के पेड़ के पास जमीन में दफना दिया।
यह घटना पहाड़पुर गांव की है। बताया जाता है कि मृतक का गांव की एक लड़की से करीब एक साल से संपर्क था। आरोप है कि रविवार को लड़की ने फोन कर मिथुन को अपने घर बुलाया, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजन लगातार चार दिनों तक उसकी तलाश करते रहे।

घटना का खुलासा तब हुआ जब जमीन में दफन शव से दुर्गंध आने लगी और कुत्तों ने मिट्टी खोदकर एक पैर बाहर निकाल दिया। सुबह ग्रामीणों की नजर जैसे ही जमीन से बाहर निकले पैर पर पड़ी, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को खबर दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अंचल अधिकारी (सीओ) की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट के रूप में जमीन खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। जांच के दौरान आरोपी के घर के कमरे में खून के धब्बे भी मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या घर के अंदर ही धारदार हथियार से की गई।
घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और मुख्य आरोपी जगदीश दास की पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमिका, उसके पिता जगदीश दास और मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सदर गिरिडीह के एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग में हत्या का प्रतीत होता है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और फॉरेंसिक टीम जांच में लगी हुई है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार की भी तलाश की जा रही है।
मृतक के परिजनों के अनुसार मिथुन कुमार चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। वह पहले दिल्ली में काम करता था और पिछले छह महीनों से अपने गांव में ही रह रहा था। रविवार को घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटा, जिसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
![]()




