
घाघरा (गुमला) | संवाददाता: प्रेम कुमार साहू
घाघरा प्रखंड के देवकी पिठवर टोली निवासी लगभग 45 वर्षीय विश्वनाथ उरांव की हत्या कर शव को खपराटोली के समीप खेत में फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई, जब ग्रामीण शौच के लिए जा रहे थे। रास्ते में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान विश्वनाथ उरांव के रूप में की।

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को विश्वनाथ उरांव एक बोरा धान बेचने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में थे। इसी दौरान उन्होंने एक दुकान में चिकन बनवाने के लिए दिया था। वहीं, एक युवक ने उनके परिजनों को सूचना देकर घर ले जाने की बात कही थी, लेकिन जब शाम को परिजन उन्हें लेने पहुंचे तो वह वहां नहीं मिले।
गुरुवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने तुरंत घाघरा थाना को जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके में संभावित हथियार और अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ghaghra-gumla-vishwanath-uraon-murder-case
![]()




