फरक्का (पश्चिम बंगाल): बाल विवाह के मामले में ससुर गिरफ्तार, 7 माह की गर्भवती निकली नाबालिग बहू
Paschim Bangal news

रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
पश्चिम बंगाल में बाल विवाह के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच फरक्का थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने और उसके सात माह की गर्भवती होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नाबालिग बेटे की भी नाबालिग से शादी का आरोप
मामला फरक्का थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर शिवनगर गांव का है। आरोप है कि अर्जुन कर्मकार ने लगभग सात महीने पहले अपने नाबालिग बेटे की शादी पास के भवानीपुर गांव की एक नाबालिग लड़की से कर दी थी।
शादी के बाद लड़का रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्य चला गया। इसी बीच करीब एक सप्ताह पहले नाबालिग लड़की को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में उसके सात माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और आईसीडीएस (ICDS) कर्मियों को दी गई।
बाल विवाह निषेध कानून के तहत कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस और आईसीडीएस की टीम ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया। पुष्टि के बाद बाल विवाह निषेध कानून के तहत कार्रवाई करते हुए नाबालिग की शादी कराने के आरोपी ससुर अर्जुन कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। घटना के बाद पूरे गांव में बाल विवाह को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग इस मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
![]()




