साहिबगंज में कांग्रेस की प्रेस वार्ता: राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता और खान-खनिज विधेयक पर जताया विरोध
डॉ. मुन्नाम संजय ने झारखंड के खनिज अधिकारों की रक्षा और राम मंदिर चंदे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की

साहिबगंज, 25 अगस्त 2026। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर मंगलवार को साहिबगंज जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह साहिबगंज जिला कांग्रेस कमिटी के प्रभारी डॉ. मुन्नाम संजय ने संबोधित किया।

खान एवं खनिज विधेयक को लेकर डॉ. संजय ने कहा कि झारखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था में खनिज संपदा की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य के खनिज संसाधनों पर राज्य के हितों और अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्तावित संशोधन के माध्यम से राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने या खनिज संपदा से जुड़े निर्णयों में राज्यों की भूमिका सीमित करने का प्रयास किया गया, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि खनिज संपदा वाले क्षेत्रों के लोगों को विस्थापन, प्रदूषण, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए खनिज संसाधनों से होने वाले लाभ में राज्य और स्थानीय जनता के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कांग्रेस जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रही है।
राम मंदिर निर्माण के नाम पर एकत्र किए गए चंदे को लेकर डॉ. संजय ने कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं ने अपनी मेहनत की कमाई से मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया है। ऐसे में चंदे से जुड़े सवालों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर के नाम पर प्राप्त चंदे और चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने तथा अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेस वार्ता के बाद SIR 2026 को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. मुन्नाम संजय और जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया, मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा दावा एवं आपत्ति से संबंधित जानकारी दी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष, जिला महासचिव, जिला सचिव, प्रखंड अध्यक्ष समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()





