हिरणपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत
सिलकुट्टी के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा


पाकुड़। हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेनम लिंक रोड स्थित सिलकुट्टी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 49 वर्षीय बिजुन टुडू के रूप में हुई है, जो महेशपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, बिजुन टुडू करणपुरा स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। शुक्रवार देर शाम वह साइकिल से अपने घर बलरामपुर लौट रहा था, तभी सिलकुट्टी के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई विनोद दास सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
![]()




