घाघरा प्रखंड में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विशेष टेस्ट का आयोजन
जिला परिवहन विभाग की पहल से आवेदकों को स्थानीय स्तर पर मिली सुविधा


गुमला/घाघरा। जिला परिवहन विभाग, गुमला के तत्वावधान में घाघरा प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विशेष ड्राइविंग टेस्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व में स्लॉट बुक करा चुके आवेदकों का मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) प्रदीप तिर्की की उपस्थिति में वाहन चलवाकर परीक्षण किया गया।
टेस्ट में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की भागीदारी रही। एमवीआई प्रदीप तिर्की ने आवेदकों की वाहन चलाने की क्षमता, सड़क सुरक्षा नियमों की समझ, वाहन पर नियंत्रण, संतुलन तथा सुरक्षित तरीके से संचालन की जांच की। इस दौरान दोपहिया चालकों का अलग-अलग मानकों पर परीक्षण किया गया, वहीं चारपहिया चालकों को निर्धारित मार्ग पर वाहन चलवाकर उनकी दक्षता परखी गई।

जिला परिवहन विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आवेदकों को उनके नजदीकी प्रखंड क्षेत्र में ही स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराना था। इससे लोगों को जिला मुख्यालय तक जाने की परेशानी से राहत मिली और समय की भी बचत हुई।
विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे काफी उपयोगी बताया।
![]()




