तेनुघाट। तेनुघाट महाविद्यालय में एनएसएस इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को एक दिवसीय स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुदामा तिवारी ने की। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
प्राचार्य प्रो. सुदामा तिवारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे नियमित आदत और सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है।
एनएसएस पदाधिकारी प्रो. रावण मांझी ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत आगामी 15 दिनों तक स्वच्छता और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के साथ आसपास के समाज तक भी स्वच्छता का संदेश पहुंचाना है।
अभियान की शुरुआत महाविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों की साफ-सफाई से हुई। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने कक्षाओं, मैदानों तथा परिसर के आसपास पड़े कचरे को एकत्र कर स्वच्छ वातावरण बनाने में योगदान दिया। इस दौरान विद्यार्थियों में स्वच्छता को लेकर उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रो. श्रीकांत प्रसाद, प्रो. महावीर यादव, प्रो. धनंजय रविदास, प्रो. कालीचरण महतो, प्रमोद ठाकुर, विनय कुमार यादव सहित छात्रा ममता कुमारी, सावित्री कुमारी तथा छात्र बादल कुमार प्रजापति, राजू कुमार, अभिषेक कुमार सिंह, सुनील राम, रंजीत मिर्धा, मुन्ना लाल सोनी आदि मौजूद रहे।