रांची। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ रांची में पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलन जारी है। अब इस आंदोलन को कई बड़ी हस्तियों का भी समर्थन मिलने लगा है। शनिवार, 8 अगस्त को अभ्यर्थियों के समर्थन में अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा भी रांची पहुंचे।
आंदोलन स्थल पर पहुंचकर उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कहा, “मैंने छात्रों की आंखों में दर्द और तकलीफ देखी और उनके आंसू देखे। मेरे लिए यहां आने के लिए बस इतना ही काफी था।”
छात्रों को संबोधित करते हुए और मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “मैं किसी और वजह से समर्थन देने नहीं आया हूं। मैंने कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे, उनकी आंखों में दर्द और तकलीफ देखी। यही मेरे आने की वजह बनी।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे युवा बहुत पसंद हैं। मैं आपके लिए गाता हूं और आपके लिए अभिनय करता हूं, इसलिए मैं यहां आया हूं।” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी ओर से छात्रों को खाने-पीने का सामान, तिरपाल और अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराई गई है और वे अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव सहयोग कर रहे हैं।
छात्रों का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है और अब विभिन्न क्षेत्रों से मिल रहे समर्थन के कारण यह और मजबूत होता दिख रहा है।