लातेहार: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी संचालन और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना के क्रियान्वयन की प्रखंडवार स्थिति का आकलन किया गया और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत लाभुकों के पंजीकरण, आधार सीडिंग, एनपीसीआई मैपिंग, फेस ऑथेंटिकेशन, सत्यापन, स्वीकृति और भुगतान की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में योजना की प्रगति में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्य में और तेजी लाने की जरूरत है।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र गर्भवती और धात्री महिलाओं को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र महिला को योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि फेस ऑथेंटिकेशन, आधार सीडिंग और एनपीसीआई मैपिंग से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लाभुकों तक पहुंचना चाहिए तथा कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारियों के साथ सभी प्रखंडों के संबंधित कर्मी मौजूद रहे।