कोटालपोखर संवाददाता।
साहिबगंज के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के निर्देश पर सदर अस्पताल के नियमित निरीक्षण हेतु तैयार रोस्टर के तहत डीडीसी सतीश चंद्रा ने मंगलवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता और साफ-सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत ओपीडी भवन से की गई, जहां दंत विभाग, आईआरसीडीसी विभाग और ओपीडी में कार्यरत चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की गई। इसके बाद डीडीसी ने दवा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध दवाओं की सूची को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए नया बोर्ड लगाने का निर्देश दिया।

बायोमेडिकल वेस्ट पर नाराजगी, प्रबंधक से जवाब-तलब
अस्पताल परिसर में कई दिनों से बायोमेडिकल वेस्ट पड़े होने पर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और अस्पताल प्रबंधक से जवाब-तलब किया। उन्होंने तत्काल सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मरीज को नहीं मिली चादर, कर्मियों को फटकार
पुरुष वार्ड के निरीक्षण के दौरान सकरी गली वास्कोला निवासी 45 वर्षीय कृष्णा मंडल की पत्नी तीलिया देवी भर्ती मिलीं। उनके परिजन माया देवी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से अस्पताल द्वारा चादर उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे वे घर से लाई गई साड़ी का उपयोग कर रही हैं। इस पर डीडीसी ने संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई।
अल्ट्रासाउंड में देरी पर डॉक्टर से मांगा स्पष्टीकरण
अल्ट्रासाउंड विभाग में एक महिला मरीज ने शिकायत की कि वह सुबह 9 बजे से भूखे पेट जांच के लिए बैठी हैं, जबकि चिकित्सक दोपहर बाद आते हैं। इस पर डीडीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा और समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद डीडीसी सतीश चंद्रा ने कहा कि अस्पताल में कई कमियां पाई गई हैं और व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चौकीदार, साफ चादर, चिकित्सक और फार्मासिस्ट की कमी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार सहित कई चिकित्सा पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()















