रांची: जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम आंदोलन का केंद्र बन गया है, जहां राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों छात्र अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर डटे हुए हैं।
इसी क्रम में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि युवाओं के भविष्य की चिंता है, तो सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर छात्रों की जायज मांगों को पूरा करना चाहिए।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य के युवा लंबे समय से परीक्षाओं में हो रही धांधली और पेपर लीक की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा, “झारखंड का युवा लाठियां खाकर और प्रताड़ना झेलकर भी अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है। अगर सरकार में इच्छाशक्ति है, तो हमारी मांगों को अविलंब स्वीकार किया जाए।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक जेपीएससी और जेएसएससी की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होता और भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करना ही उनकी प्रमुख मांग है।