लातेहार: जिले के बनवारी साहू महाविद्यालय के सभागार में रविवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया का लाइव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य बैजनाथ महतो ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने नशा के खिलाफ सभी को शपथ दिलाई और युवाओं को जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम साहू, एनआईसी प्रभारी ओमेन्द्र कुमार, महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता, विश्वविद्यालय की एनएसएस समन्वयक संगीता कुजूर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण पर अपने विचार साझा किए।
जिला एनएसएस नोडल पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने कहा कि महाविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि उसे प्रधानमंत्री के साथ लाइव जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने इस आयोजन के लिए एनआईसी टीम का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों की भागीदारी रही, जिनमें आयुष चौधरी, देवेंद्र कुमार सिंह, तौकीर अंसारी और अनीता कुमारी प्रमुख रूप से शामिल थे।